झुंझुनू – राजस्थान के झुंझुनू जिले में शुक्रवार सुबह आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। फायरिंग की इस घटना में सुनील सुंडा और सीकर जिले के रानोली थाना क्षेत्र के कुख्यात अपराधी कृष्णकांत की जान चली गई। इलाके में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कृष्णकांत अपने तीन साथियों के साथ हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा को निशाना बनाने के इरादे से पहुंचा था। आरोप है कि कटेवा पर जैसे ही गोली चलाई गई, वह झुक गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसी दौरान सुनील सुंडा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस को कृष्णकांत का शव पास के एक खेत में मिला, जिसके सिर में गोली लगी थी। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि उसकी मौत आपसी गोलीबारी में हुई या उसने खुद को गोली मारी। पुलिस इस पहलू की गहन जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे विवाद की जड़ सीकर जिले में स्थित करोड़ों रुपये की कीमती जमीन है। भादवासी गांव में लगभग 24 बीघा जमीन को लेकर श्रवण और उसकी भाभी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी जमीन को लेकर पहले भी कई बार तनाव की स्थिति बनी।
जांच में सामने आया है कि इसी जमीन विवाद के चलते रविंद्र कटेवा ने पूर्व में श्रवण के एक साथी पर जानलेवा हमला किया था और जमीन सौदे को लेकर धमकी भी दी थी। बाद में आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद विवाद दोबारा भड़क गया। मामले में बीच-बचाव करने वाले एक युवक की जयपुर में संदिग्ध हालात में मौत भी हो चुकी है।
पुलिस को आशंका है कि जमीन विवाद के चलते ही पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप लिया और बदमाशों के बीच यह टकराव हुआ। फिलहाल पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।







