सोनीपत। गांव बढ़मलिक के पास जलघर की बड़ी टंकी के नीचे बने गुंबद में किशोर की हत्या उसके दोस्त ने की थी। आरोपी किशोर का मोबाइल लेना चाहता था। इसके चलते गुंबद की सीढ़ियों से धक्का दे दिया था। गिरफ्तार आरोपी मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला बरेली के गांव रायपुर हंस फिलहाल बढ़मलिक का रहने वाला ब्रिजेश उर्फ छोटू (19) है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
मूलरूप से यूपी के जिला सीतापुर के गांव माधवपुर निवासी रामसहारे ने 4 नवंबर को राई थाना पुलिस को बताया था कि वह पांच साल से गांव बढ़मलिक में राकेश के मकान में किराये पर रहते हैं। उनके साथ उनका बेटा अभिषेक (14) भी रहता था। वह उनकी इकलौती संतान थे। उनकी पत्नी सुनीता की एक साल पहले मौत हो चुकी है। उनका बेटा 3 नवंबर को सुबह से लापता था। शनिवार सुबह बेटे का शव पानी की बड़ी टंकी के गुंबद में मिला था। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले में राई थाना प्रभारी महेंद्र सिंह की टीम ने आरोपी ब्रिजेश उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि अभिषेक की हत्या के मामले में जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली थी। जिसमें अभिषेक के साथ ब्रिजेश दिखाई दिया दे रहा था। उसने बताया कि वह अभिषेक का मोबाइल लेना चाहता था। मोबाइल छीनने के लिए वह उसे बहाने से जलघर में ले आया और गुबंद की सीढ़ियों से उसे धक्का देकर गिरा दिया था। नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई थी। ऊंचाई से गिरने की वजह से अभिषेक के सिर, हाथ व पैर में चोट लगी थी। उसने उसके शव को घसीटकर एक तरफ कर दिया और उसके शरीर पर प्लास्टिक की बोरी डाल दी थी। वह मोबाइल लेकर भाग गया था।पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।







