देर रात घर में मिले दोनों के शव
कोटा। आरके पुरम थाना क्षेत्र के आवली रोजड़ी में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में मां और 13 साल की बेटी मृत पाई गईं। घटना की जानकारी तब पुलिस को मिली, जब मृतका का पति रात को ड्यूटी से घर लौटा और दोनों को बेसुध हालत में देखकर अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मौत की पुष्टि कर दी। प्रारंभिक जांच में दोनों की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि मृतका ज्योति वैष्णव अपने पति भगवान वैष्णव और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती थी। भगवान वैष्णव एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। घर में जबरन प्रवेश या लूटपाट के भी संकेत मिले हैं। ज्योति के कानों के टॉप्स, पायल समेत कुछ गहने और मोबाइल फोन गायब हैं। किचन में अधपकी रोटियां भी मिलीं, जिससे अनुमान है कि वारदात के समय खाना बन रहा था।
पति ने बताया कि पूरे दिन फोन करने पर भी पत्नी ने कॉल रिसीव नहीं किया। घर पहुंचने पर ज्योति किचन में और बेटी कमरे में स्कूल यूनिफॉर्म में बेसुध पड़ी मिली, दोनों के गले पर निशान दिखाई दिए। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके से सैम्पल जुटा चुकी है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।







