गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र के बखरिया गांव के डुमरी टोला में पेंशन को लेकर हुए विवाद ने एक दिल दहला देने वाली वारदात का रूप ले लिया। 45 वर्षीय दिव्यांग रामनिवास निषाद की उनके छोटे भाई अमरजीत निषाद और भाभी श्यामरथी देवी ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार रामनिवास का शव उसके कमरे में खून से लथपथ अवस्था में मिला। पिता गणपति निषाद ने छोटे बेटे और बहू पर हत्या का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पेंशन के पैसों पर विवाद बना मौत की वजह
मृतक के पिता ने बताया कि दिव्यांग रामनिवास को हर महीने पेंशन मिलती थी, जिसे वह पहले अपने छोटे भाई को देता था। हाल ही में उसने पेंशन के ₹3000 खुद खर्च कर लिए, जिससे नाराज होकर अमरजीत और उसकी पत्नी ने पहले झगड़ा किया और फिर डंडों से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली।
वारदात के बाद आरोपी हुए फरार, ग्रामीणों की मदद से दबोचे गए
गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ा तो रामनिवास मृत पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों की मदद से दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया।
शराब की लत ने उजाड़ा घर
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह के मुताबिक, पूरा परिवार शराब का आदी था। हत्या वाले दिन भी तीनों ने शराब पी रखी थी। नशे में हुए विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया।
एसपी सिटी बोले — “समय पर इलाज न मिलने से गई जान”
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि आरोपी दंपती ने झगड़े के दौरान रामनिवास को बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।







