वैन चालक और प्रिंसिपल के खिलाफ पुलिस ने क्राइम सीन रिक्रिएशन के बाद मामला दर्ज किया
हरियाणा। पानीपत के जाटल रोड स्थित सृजन पब्लिक स्कूल में एक बच्चे के साथ बर्बर व्यवहार का मामला सामने आया। स्कूल के वैन चालक अजय ने दूसरे कक्षा के सात साल के मासूम को उसकी गलती के लिए पहली मंजिल के कमरे में ले जाकर पैर बांधकर खिड़की में उल्टा लटका दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रस्सी बरामद कर ली।
पुलिस टीम आरोपी प्रिंसिपल रीना और वैन चालक अजय के साथ स्कूल पहुंची। शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई सील खोलकर पुलिस ने एक-एक कमरे की छानबीन की और दोनों आरोपियों से क्राइम सीन की जानकारी ली। प्रिंसिपल ने बताया कि बच्चे ने शरारत की थी, जिसके बाद वैन चालक को उसे ऊपर कमरे में ले जाने और डराने का आदेश दिया गया।
सीन ऑफ क्राइम टीम की प्रभारी डॉ. नीलम आर्य ने भी स्कूल का निरीक्षण किया और खिड़की की ऊंचाई, रस्सी की लंबाई समेत सभी पहलुओं की रिपोर्ट तैयार की।
जाँच में यह भी सामने आया कि घटना का वीडियो आरोपी ने अपने रिश्तेदार के मोबाइल से बनाया और सोशल मीडिया पर साझा किया। इसके अलावा, दो अन्य बच्चों के साथ हुई पिटाई के वीडियो भी वायरल हुए थे। वीडियो साझा करने वाले को भी जांच के दायरे में लाया गया है।
मासूम बच्चे ने बाल कल्याण समिति के सामने बताया कि घटना के बाद वह लगातार डर और तनाव में रहा। उसे नींद नहीं आती और पढ़ाई में मन नहीं लगता।
पुलिस ने प्रिंसिपल और वैन चालक को दो दिन के रिमांड पर लिया है। जांच में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। आगे की कार्रवाई जाँच पूरी होने के बाद की जाएगी।







