बिजनौर- नजीबाबाद के व्यस्त चौक बाजार में शनिवार रात एक बर्तन व्यापारी की दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने दुकान के पीछे से दाखिल होकर तिजोरी को निशाना बनाया और करीब दो करोड़ रुपये की नकदी व सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
चौक बाजार निवासी व्यापारी योगेश तायल की बाजार में बर्तनों की एक बड़ी दुकान है। साथ ही उनका पुराने समय से ब्याज पर लेन-देन का कारोबार भी चलता है। शनिवार रात जब दुकान बंद थी, तभी चोरों ने पीछे की दीवार से सेंध लगाई और छत के रास्ते अंदर घुसकर तिजोरी को तोड़ डाला। तिजोरी से चोर लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवर समेट कर फरार हो गए।
रविवार सुबह जब दुकान खोली गई, तो चोरी का पता चला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल और सीओ नितेश प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायज़ा लिया और व्यापारी से विस्तृत जानकारी ली।
बताया गया है कि चोरी की कुल कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कॉल डिटेल के ज़रिये भी चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।







