कानपुर- कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र के नौरंगा कस्बे में सोमवार को दो कारों की मामूली भिड़ंत ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए स्थानीय लोगों ने हमलावर और उसके साथी को पकड़कर जमकर पीटा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, नौरंगा निवासी रामू साहू (32) अपने मित्र लखन कुरील (50) के साथ कार से लौट रहे थे। हुसैना मोड़ के पास उनकी गाड़ी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार से टकरा गई। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद के दौरान दूसरी कार का चालक गुन्नू उर्फ श्यामू ने अचानक चाकू निकालकर रामू और लखन पर हमला कर दिया।
घटना को देख रहे लोगों ने जब गुन्नू को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने ई-रिक्शा चालक पंकज (45) को भी चाकू मार दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने गुन्नू को घेर लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। घायल रामू और पंकज को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना का कारण वाहन टक्कर से उपजा विवाद है। आरोपी युवक ने पूछताछ में बताया कि उसने आत्मरक्षा में चाकू का इस्तेमाल किया, जो कार में फल काटने के लिए रखा था।
पुलिस ने आरोपी को भीड़ से बचाने के लिए एक कमरे में बंद किया और अतिरिक्त फोर्स बुलाकर उसे थाने ले गई। मामले की जांच जारी है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







