उत्तर प्रदेश- श्रीनगर थाना क्षेत्र के ढिकवाहा गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों को भैरवा तालाब के किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे थे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को तालाब किनारे फेंका गया और पहचान मिटाने के उद्देश्य से उसे जलाने की कोशिश की गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, सीओ चरखारी दीपक दुबे और थाना प्रभारी जयचंद्र सिंह पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह खेतों की ओर जाते वक्त उन्होंने तालाब किनारे शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। शव की स्थिति को देखते हुए यह स्पष्ट है कि हत्या की घटना कहीं और अंजाम दी गई और फिर शव को यहां लाकर फेंका गया।
अपर एसपी वंदना सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस क्षेत्र के सभी थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और आसपास के इलाकों में पूछताछ भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने घटनास्थल के आसपास गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।







