पत्नी को बचाने पहुंची सास पर भी दामाद ने किया वार
बुलंदशहर। बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र के धमेड़ा अड्डा स्थित नई बस्ती में घरेलू विवाद के चलते दामाद ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी ने सास पर भी वार किया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटना 19 सितंबर की है। पीड़िता शबनम ने बताया कि उसकी बेटी मुस्कान के घर पहुंचे पति जाहिद ने अचानक चाकू से गले और शरीर पर वार कर दिया। हमले में मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई। बचाव करने पहुंची शबनम पर भी आरोपी ने हमला किया।
चीख-पुकार सुनकर परिजन और आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान मुस्कान की बहन खुशबू ने आरोपी को रोकने की कोशिश की और चिमटे से वार किया, जिससे एक हमला चूक गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया।
घायल मुस्कान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है।







