कानपुर (उत्तर प्रदेश)- कानपुर के नरवल थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक युवक को स्कूटी चोरी के प्रयास के दौरान रंगे हाथों पकड़ लिया गया। घटना टौंस चौराहे के पास हुई, जहां स्थानीय लोगों ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर पीटा। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर चौकी ले जाकर पूछताछ शुरू की है।
घटना की जानकारी देते हुए महाराजपुर थाना क्षेत्र के फुफुवार गांव निवासी प्रियांशु ने बताया कि वह किसी काम से टौंस आया था। उसने अपनी स्कूटी शराब ठेके के पास खड़ी की और पास की दुकान से सामान लेने चला गया। जब वह वापस लौटा, तो उसकी स्कूटी गायब थी।
इसी दौरान प्रियांशु ने देखा कि एक युवक उसकी स्कूटी लेकर तेजी से भाग रहा है। उसने तुरंत शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण जमा हो गए और भाग रहे युवक को घेरकर पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद लोगों ने युवक की मौके पर ही पिटाई कर दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही नरवल पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंची और भीड़ से युवक को छुड़ाकर चौकी ले गई। पुलिस ने युवक से स्कूटी के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है।
नरवल थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







