देहरादून। हरिद्वार में शनिवार को पुलिस पर हमला कर फरार हुए आरोपी ने रविवार को देहरादून में खुदकुशी कर ली। लक्ष्मण चौक इलाके में घेराबंदी के दौरान आरोपी ने खुद पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हरिद्वार से पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार को हरियाणा पुलिस के एक दरोगा को गोली मारकर फरार हुए आरोपी की तलाश में पुलिस पूरे उत्तराखंड में सक्रिय थी। जानकारी के अनुसार आरोपी देहरादून के लक्ष्मण चौक के पास अपने एक परिचित वकील के यहां छिपा हुआ था। जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने बचने की बजाय खुद पर पिस्तौल से गोली चला ली।
गौरतलब है कि शनिवार को हरियाणा के जींद जिले से आई पुलिस टीम हरिद्वार में एक बदमाश की तलाश कर रही थी। इस दौरान आरोपी ने रोडवेज बस अड्डे के पास उप निरीक्षक (SI) सुरेंद्र को गोली मार दी थी। गोली उनके पेट और हाथ में लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया और बाद में ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी जींद में एसपी को धमकी देने के एक मामले में वांछित था। सुरेंद्र अपनी टीम के साथ उसकी लोकेशन का पता लगाकर हरिद्वार पहुंचे थे। तलाशी के दौरान जब आरोपी दिखाई दिया तो मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई। दरोगा सुरेंद्र ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हाथापाई के दौरान आरोपी ने गोली चला दी और मौके से भाग निकला था। रविवार को देहरादून में उसकी तलाश पूरी हो गई, लेकिन उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी जान ले ली।







