मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी सुशांत सिटी सेक्टर-3 में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छात्रों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प और फायरिंग में तब्दील हो गया। घटना से इलाके में दहशत फैल गई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ छात्र जो किराए के फ्लैट में रहते हैं, वे मार्केट में सामान खरीदने को लेकर आपस में उलझ गए। बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि एक पक्ष ने अपने बाहरी साथियों को बुला लिया, जिसके बाद विवाद और भड़क गया।
देखते ही देखते कॉलोनी में गोलियों की आवाज गूंजने लगी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने विरोधी पक्ष को डराने के लिए करीब आधा दर्जन राउंड फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से स्थानीय निवासी घबरा गए और अपने घरों में दुबक गए।
गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। उन्होंने हवाई फायर कर हमलावरों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी कॉलोनी की दीवार फांदकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रातभर इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश की गई, लेकिन कोई गिरफ्त में नहीं आया। शनिवार सुबह पुलिस टीम ने फिर से सुशांत सिटी पहुंचकर कॉलोनी प्रबंधन और सुरक्षा गार्डों से पूछताछ की।
पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।







