ललितपुर। जिले के बहिलपुरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया चरणदासी गांव में शुक्रवार को एक 14 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार हमलावर की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
मेला देखने आया था किशोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक किशोर मैनहाई गांव का निवासी था और अपनी मां व बुआ के साथ सेमरिया गांव में आयोजित जल विहार कार्यक्रम देखने आया था। कार्यक्रम स्थल पर अचानक हुई फायरिंग में उसे गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मेला क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस कर रही छानबीन
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जानबूझकर की गई हत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों और चश्मदीदों के बयान एकत्र किए जा रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।







