गाजियाबाद – गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के ग्रामीण ज़ोन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट टीम और भोजपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेंद्र के रूप में हुई है, जो कई लूट की वारदातों में वांछित था। पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात पलौता फजलगढ़ चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह रुकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने लगा।
बारिश और फिसलन भरे रास्ते की वजह से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस जब आरोपी को पकड़ने के लिए आगे बढ़ी, तो उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो देवेंद्र के पैर में लगी। घायल होने के बाद आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया।
घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि देवेंद्र पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।







