कानपुर। रायपुरवा थाना क्षेत्र के भन्नापुरवा इलाके में गुरुवार सुबह एक युवक की आत्महत्या की घटना सामने आई, जिसने पूरे मोहल्ले को गमगीन कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक अपने पिता के निधन के बाद से गहरे मानसिक तनाव में था और इसी कारण उसने यह कदम उठा लिया।
सोशल मीडिया पर लिखा “पापा मिस यू”
23 वर्षीय सचिन ने आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल पर “पापा मिस यू” का स्टेटस लगाया था। यह उसकी मनोस्थिति का संकेत था, जो उसने किसी से साझा नहीं किया था। परिजनों का कहना है कि वह पिछले कुछ हफ्तों से चुपचाप और गुमसुम रहता था।
20 जुलाई को पिता का हुआ था निधन
परिवार के अनुसार, सचिन के पिता राजकुमार की 20 जुलाई को कैंसर से मौत हो गई थी। पिता के बेहद करीब रहने वाला सचिन इस आघात को सहन नहीं कर पा रहा था। वह पेशे से राजमिस्त्री था और परिवार के लिए काम करता था।
छोटे भाई ने देखा तो मच गया कोहराम
गुरुवार सुबह जब छोटा भाई सुजल कमरे में पहुंचा तो सचिन को फंदे से लटका हुआ पाया। शोर मचाने पर परिवार के लोग दौड़े और तुरंत उसे पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने की पुष्टि, पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी
रायपुरवा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और युवक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
परिवार में शोक का माहौल
सचिन के इस कदम से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। मां रीता, बड़े भाई सौरभ और छोटे भाई सुजल का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक की लहर फैल गई है।







