देहरादून- उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम यूनिट ने करोड़ों रुपये की हाई-प्रोफाइल ऑनलाइन ठगी का खुलासा करते हुए दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह निवेश के नाम पर आम लोगों को झांसा देकर करोड़ों रुपये हड़प चुका है।
एसटीएफ की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एक फर्जी निवेश कंपनी ‘एनजी ट्रेडर्स’ के नाम से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार किया था। इस प्लेटफॉर्म के जरिये निवेशकों को बड़े मुनाफे का लालच देकर रजिस्ट्रेशन कराया गया। कंपनी की विश्वसनीयता साबित करने के लिए फर्जी सीयूजी मोबाइल नंबर और फर्जी बैंक खातों का सहारा लिया गया।
पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए आरोपियों ने खुद को ‘प्रिया’, ‘रमेश कुमार’, ‘शरद वोहरा’ और ‘विक्की मल्होत्रा’ जैसे नामों से परिचित कराया और अलग-अलग मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी के जरिए संपर्क किया। उन्होंने खुद को एक मान्यता प्राप्त निवेश कंपनी के प्रतिनिधि बताया।
पीड़ित व्यक्ति से 7 जुलाई 2025 से 29 जुलाई 2025 के बीच 66 लाख 21 हजार रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराए गए। जब लाभांश देने की बारी आई तो आरोपियों ने बहानेबाज़ी शुरू कर दी और फिर पूरी तरह से संपर्क तोड़ दिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नितिन गौर (34) पुत्र शीतल प्रसाद गौर, और निक्कू बाबू (29) पुत्र कैलाश बाबू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी नोएडा के सेक्टर-45 स्थित सदरपुर क्षेत्र के निवासी हैं। जांच में यह भी सामने आया कि इनका संपर्क विदेशी साइबर ठगों से भी रहा है और इनके नाम पर 18 से 20 करंट अकाउंट्स विभिन्न बैंकों में सक्रिय थे।







