वाराणसी – पुलिस को चेन स्नैचिंग मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंडुआडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर इलाके से दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक आरोपी पर ₹25,000 का इनाम घोषित था। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के दौरान चोरी की चेन बेचने से प्राप्त ₹2.03 लाख नकद भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
-
हरिओम राजभर उर्फ सत्यम, पुत्र बाबूलाल
-
आशीष कुमार उर्फ गड्डी, पुत्र अर्जुन प्रसाद
(दोनों निवासी: शिवदासपुर, थाना मंडुआडीह)
पुलिस की सर्विलांस और साइबर टीम ने ऑपरेशन “चक्रव्यूह” के तहत यह कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दोनों को आशीष उर्फ गड्डी के घर से गिरफ्तार किया गया।
कैसे दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे गोदौलिया क्षेत्र में घाट घूमने के बहाने निकले थे। इसी दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ चेन स्नैचिंग करने की पूर्व योजना बनाई। उन्होंने एक वृद्धा से चौराहे पर झपट्टा मारकर चेन छीनी और मौके से फरार हो गए।
बाद में इस चेन को देवरिया के एक स्थानीय ज्वेलर के पास ₹3 लाख में बेचा गया। पैसों को आपस में बांट लिया गया और अपने-अपने महंगे शौक और जरूरतों को पूरा करने के लिए खर्च किया।
फरारी और वापसी की कहानी
सत्यम वारदात के बाद अपनी गर्भवती पत्नी को लेकर सोनीपत और फिर जयपुर भाग गया, जहां उसने सड़क किनारे पूड़ी-सब्जी की दुकान शुरू की। वह परिवार से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में था। कुछ रुपये खर्च करने के बाद ₹2.03 लाख बचे थे। इन पैसों का बटवारा करने दोनों फिर वाराणसी लौटे, जहां पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस की कार्रवाई
थाना मंडुआडीह प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और संबंधित ज्वेलर की भूमिका की भी जांच की जा रही है।







