उत्तरप्रदेश। सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ कर वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को मुठभेड़ के दौरान मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अलहदादपुर निवासी विशाल सिंह (22) के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी अनुराग अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
लोक-लाज के डर से चुप रही पीड़िता
पुलिस के अनुसार, जून माह में विशाल और उसके साथियों ने एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ की थीं और उसका वीडियो बनाकर रख लिया था। शर्म और लोक-लाज के डर से पीड़िता ने उस समय किसी को कुछ नहीं बताया। हालांकि, 11 अगस्त को जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला उजागर हुआ।
आरोपियों के खिलाफ हुआ मुकदमा दर्ज
वीडियो सामने आने के बाद परिजन सन्न रह गए। पूछताछ में पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद एसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर मंगलवार रात दोस्तपुर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपियों ने की भागने की कोशिश
उसी रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी दुर्गापुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से फरार होने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी की, जिस पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी विशाल सिंह के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दोस्तपुर में भर्ती कराया गया है।अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि फरार आरोपी अनुराग की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच तेजी से जारी है।







