पानीपत की छात्रा को बहला कर सहारनपुर ले गया युवक, अश्लील वीडियो बनाकर धमकी देने का आरोप
हरियाणा- चांदनी बाग थाना क्षेत्र में एक सातवीं कक्षा की छात्रा के साथ सोशल मीडिया पर बने रिश्ते ने भयावह मोड़ ले लिया। सहारनपुर निवासी युवक द्वारा बहला-फुसलाकर छात्रा को ले जाकर गंभीर अपराध को अंजाम देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो और आईटी एक्ट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
परिवार का कहना है कि छात्रा एक सरकारी स्कूल में पढ़ती है। करीब छह महीने पहले उसकी पहचान एक युवक, सोभान, से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और 7 मार्च को वह युवक पानीपत आया। परिजनों के अनुसार, युवक ने लड़की को बाहर खाने का बहाना बनाकर बाइक पर सहारनपुर ले गया, जहां उसे एक होटल में ले जाकर शारीरिक शोषण किया और अश्लील वीडियो तथा तस्वीरें बना लीं।
आरोपी ने वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लड़की को चुप कराया। इसके बाद भी दो बार उसने छात्रा को सहारनपुर बुलाया और फिर से शोषण किया। जब छात्रा ने विरोध किया, तो उसने अश्लील सामग्री इंटरनेट पर डाल दी।
काफी डर और तनाव झेलने के बाद लड़की ने सारी बातें अपने परिजनों को बताई, जिन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि छात्रा का मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल में कराया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सहारनपुर में लगातार दबिश दी जा रही है।







