बिहार। सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 60 वर्षीय सुरेश साह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। शव को पास में बने गड्ढे में डाल दिया गया जहां वे नया मकान बनवा रहे थे। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। परिजनों ने पहले ही धमकी मिलने की बात कही थी।
कुछ दिन पहले मिली जानलेवा धमकी
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सिंगार पट्टी निवासी सुरेश साह (60) की गुरुवार सुबह हत्या ने सभी गाँव वालों को स्तब्द कर दिया हैं। सुरेश साह अपनी पुरानी जमीन पर नया मकान बनवा रहे थे। उसी जमीन को लेकर पड़ोसियों से विवाद चला आ रहा था। परिजनों का कहना है कि उन्हें कुछ दिन पहले धमकी भी दी गई थी कि “जान से खत्म कर देंगे और शव को नरहन घाट भेज देंगे।”
गड्ढे में मिला बुजुर्ग का शव
बुधवार रात सुरेश साह खाना खाकर सो गए थे, लेकिन सुबह जब वे बिस्तर पर नहीं मिले तो परिवारवालों ने खोजबीन करनी शुरू की। थोड़ी ही देर में उनका खून से लथपथ शव उसी निर्माणाधीन जगह के पास गड्ढे में पड़ा मिला, जहां मकान की नींव खुदाई का काम चल रहा था। शव पर चाकू से किए गए कई वारों के निशान थे, जिससे साफ हो गया कि हत्या की गई है।
परिजनों ने की एफआईआर दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेजा गया। सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सुनियोजित हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, जिसकी वजह जमीन विवाद है। परिजनों की तहरीर पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पहले ही पुलिस ने धमकियों को गंभीरता से लिया होता, तो हत्या रोकी जा सकती थी।







