12 करोड़ की ड्रग्स जब्त
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में एक अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है, जिसकी कड़ियाँ सीधे मुंबई जैसे महानगर से जुड़ी पाई गईं। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह बड़ा ड्रग सिंडिकेट पकड़ा गया, जो सीमांत जिले पिथौरागढ़ को आधार बनाकर एमडीएमए (MDMA) जैसे घातक सिंथेटिक ड्रग्स का उत्पादन कर रहा था और इन्हें मुंबई तक पहुंचा रहा था।
STF की नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा चलाए जा रहे ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत इस रैकेट का पर्दाफाश हुआ। गिरोह के सरगना कुनाल कोहली को उधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 126 लीटर केमिकल, 28 किलो पाउडर और 7.41 ग्राम तैयार एमडीएमए बरामद किया, जिससे अनुमानित 12 करोड़ रुपये मूल्य की ड्रग्स बनाई जा सकती थी।
अब तक इस मामले में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि इससे पहले भी गिरोह के पास से करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य की मादक पदार्थों की बरामदगी हो चुकी है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
उत्तराखंड के डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों को नशा माफिया की शरणस्थली नहीं बनने दिया जाएगा। राज्य पुलिस हर स्तर पर सतर्क है और इस तरह के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।







