ननिहाल में घुसकर की मारपीट, मोबाइल छीना, फोटो वायरल करने की दी धमकी
अंबेडकरनगर। शादी से इनकार करने पर एक युवक ने युवती के घर में घुसकर जमकर हंगामा किया। उसने युवती से मारपीट की, मोबाइल छीन लिया और विरोध करने पर उसे तथा उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने युवती की निजी तस्वीरें वायरल करने की भी धमकी दी है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से आजमगढ़ निवासी युवती ने जलालपुर कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया कि वह अपनी ननिहाल में रह रही है, जो जलालपुर क्षेत्र के एक गांव में स्थित है। वहीं गांव के ही युवक अविनाश से उसकी जान-पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान युवक ने उससे विवाह का प्रस्ताव रखा, जिसे युवती ने ठुकरा दिया।
विवाह से इनकार से नाराज युवक ने युवती को उसके निजी फोटो भेजने शुरू कर दिए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर आरोपी 30 जून की रात युवती के घर पहुंचा और सोते समय उसका हाथ पकड़कर खींचा। शोर मचाने पर जब परिजन जागे तो उसने सभी से गाली-गलौज की और धमकी दी।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







