लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद ने ली रघुवीर सिंह की जान
फतेहाबाद (भूना)— फतेहाबाद जिले के भूना क्षेत्र के गांव नहला में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। आपसी कहासुनी के बाद छोटे भाई ने गुस्से में आकर अपने बड़े भाई की लाठी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 65 वर्षीय रघुवीर सिंह उर्फ रोडू के रूप में हुई है, जिसे उसके छोटे भाई सतवीर सिंह ने लाठी से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह हमला उस वक्त हुआ, जब दोनों भाइयों के बीच पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो अचानक हिंसक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भूना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भूना भिजवाया गया। थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
गांव में इस घटना को लेकर मातम पसरा है और लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं।







