पुलिस सिपाही के पिता अजेन्द्र ने छोड़ा सुसाइड नोट, परिवार ने लगाया साहूकार पर शोषण का आरोप
बड़ौत। दिलीप विहार कॉलोनी में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे मोहल्ले को स्तब्ध कर दिया। कर्ज के भारी दबाव में आकर एक बुजुर्ग ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अजेन्द्र के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में कार्यरत सिपाही विशाल के पिता थे।
बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने एक प्लॉट खरीदने के लिए दो लाख रुपये का कर्ज लिया था। परिजनों का आरोप है कि कर्जदाता अब तक 12 लाख रुपये वसूल चुका है, इसके बावजूद मानसिक उत्पीड़न और भुगतान का दबाव लगातार बना रहा। इस तनाव ने अंततः अजेन्द्र को इतना तोड़ दिया कि उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
मौके पर पहुंची पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी परेशानियों का विस्तार से उल्लेख किया है। पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा गया है और फिलहाल मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए साहूकारों की मनमानी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।







