झाड़ियों के पास पैसों का लालच देकर बच्चियों से की गई हरकत, चश्मदीद की वीडियो से खुला मामला, पुलिस ने दर्ज की FIR
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरगेट इलाके में शुक्रवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां दो अधेड़ व्यक्तियों ने दो नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले जाकर कथित रूप से छेड़छाड़ की।
पीड़िता के परिवार के अनुसार, पांच वर्षीय बच्ची घर से खेलने निकली थी, लेकिन काफी समय तक वापस न लौटने पर परिजन उसे ढूंढने निकले। तभी मोहल्ले के एक युवक ने उन्हें रास्ते में दोनों बच्चियों के साथ देखा और बताया कि स्थानीय निवासी अय्यूब और इनाम इलाही नामक दो व्यक्ति उन्हें झाड़ियों के पास ले जाकर गलत हरकतें कर रहे थे। उस युवक ने पूरी घटना का वीडियो भी अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो पुलिस को सौंपा गया है।
बच्चियों ने रोते हुए बताया कि उन्हें पैसे देने का लालच देकर सुनसान इलाके में ले जाया गया, जहां आरोपियों ने उन्हें गोद में लेकर अश्लील व्यवहार किया। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और मौके से दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सीओ जितेन्द्र कुमार शर्मा ने पुष्टि की है कि बच्ची के पिता की तहरीर पर अय्यूब और इनाम इलाही के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बच्चियों के बयान व वीडियो के आधार पर चार्जशीट की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।







