गांव में बच्ची के लापता होने से हड़कंप, शव नहर में मिला; पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी को पकड़ा, कबूला जुर्म
कानपुर। उन्नाव ज़िले के औरास थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। गुरुवार रात एक छह वर्षीय मासूम बच्ची लापता हो गई थी, जिसका शव शुक्रवार दोपहर गांव के पास एक माइनर में बहता हुआ मिला।
परिजनों के मुताबिक, बच्ची अपने बाबा को पानी देने अहाते में गई थी और फिर लौटकर नहीं आई। पूरे गांव ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे नहर में पानी आने के बाद उसका अर्धनग्न शव झाड़ियों में फंसा मिला। शरीर पर चोटों के कई निशान थे और उसके कपड़े गायब थे।
मामले की जांच में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पुलिस को पता चला कि बच्ची का चचेरा भाई भी गायब है। बागों में काम करने वाले लोगों से पूछताछ के दौरान यह सुराग मिला। पुलिस ने उसके बड़े भाई से पूछताछ की, जिसने बताया कि घटना वाली शाम वह और उसका छोटा भाई बच्ची के आसपास थे।
शुक्रवार रात पुलिस ने शाहपुर तोंदा गांव के पास आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, जहां मुठभेड़ में उसके बाएं पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने नशे में बच्ची के साथ दुष्कर्म करने और बाद में हत्या की बात स्वीकार की। उसने कहा कि बेहोश बच्ची को देखकर वह घबरा गया और जुर्म छुपाने के लिए उसका गला घोंट दिया।
शव को छिपाने के इरादे से उसने उसे नहर में फेंक दिया और खुद के कपड़े धो दिए। पुलिस ने कपड़ों की बरामदगी के लिए नहर का जलप्रवाह भी रोका। फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया जारी है।







