पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
नैनीताल। नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में एक 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। छात्रा एक अधिवक्ता के घर में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह घर के भीतर दरवाजे की चौखट से बंधे फंदे पर लटकी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, रेनू खत्री (18) मूल रूप से कैंचीधाम तहसील की निवासी थी और तल्लीताल धर्मशाला, पुराना कोयला टाल के पास एक अधिवक्ता के घर के ग्राउंड फ्लोर में रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। सुबह जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो अधिवक्ता ने पीछे के रास्ते जाकर देखा। ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचने पर युवती कमरे के भीतर फंदे से लटकी मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम, एसआई सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में, ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, युवती का एक पैर कुर्सी पर मुड़ा हुआ था, जबकि दूसरा पैर ज़मीन को छू रहा था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
पोस्टमार्टम के बाद मृतका के मामा ने बताया कि घटना के कुछ समय बाद मृतका की मां को एक अज्ञात युवक का कॉल आया, जिसने कथित तौर पर आत्महत्या की जानकारी पहले से होने का दावा किया।
पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव सौंप दिया है और मामले में गहराई से जांच जारी है। कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।







