साड़ियों और मोबाइल फोन की फर्जी बिक्री से 50 से ज्यादा लोगों से की ठगी
अलवर। साइबर क्राइम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को ठगने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों आरोपियों में से एक नाबालिग है। आरोपी इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर कपड़े और मोबाइल फोन के फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को धोखा देते थे।
थाना प्रभारी रमेश सैनी ने बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान असलम पुत्र मोहर खान के रूप में हुई है, जो अलवर जिले के बुआका गांव का निवासी है। उसके साथ उसका नाबालिग साथी भी साइबर ठगी की इस गतिविधि में शामिल था।
जांच के अनुसार, असलम फैक्ट्री से सस्ते दामों में कपड़े और साड़ियाँ बेचने का लालच देकर लोगों से एडवांस पेमेंट मंगवाता था, लेकिन डिलीवरी कभी नहीं करता था। वहीं उसका नाबालिग साथी सस्ते मोबाइल फोन का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करता था। अब तक दोनों 50 से अधिक लोगों को शिकार बना चुके हैं।
पुलिस को यह सफलता एक गुप्त सूचना और साइक्लोन टीम की सतर्कता से मिली। असलम को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय अधिनियम के तहत बाल संप्रेक्षण गृह में भेजा गया है।
यह सदर थाना की साइबर क्राइम के खिलाफ लगातार तीसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई है। इससे पहले भी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन अन्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया था। एक केस राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर आई शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ था।







