कई महीनों से फेफड़ों की गंभीर बीमारी से था परेशान
हमीरपुर- जिले के चिकासी गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। फेफड़ों की बीमारी से परेशान 43 वर्षीय किसान प्रशांत नायक ने घर के अंदर तमंचे से खुद को गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन दौड़े, लेकिन तब तक प्रशांत की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मृतक के भाई राजकुमार नायक ने बताया कि प्रशांत कई महीनों से फेफड़ों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। इलाज के लिए उन्हें दिल्ली AIIMS समेत कई बड़े अस्पतालों में दिखाया गया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली।
प्रशांत अविवाहित थे और अपने पिता लक्ष्मीनारायण व भाइयों के साथ खेती करते थे। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मौके से तमंचा बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घटना की जांच की जा रही है।







