पत्थर से हमला कर की गई युवक की हत्या, वारदात के बाद आरोपी गांव में ही घूमता रहा
भोपाल- गुनगा थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसखेड़ा में रविवार को दिनदहाड़े हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 60 वर्षीय बुजुर्ग कालूराम उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि शराब पीने के दौरान हुए आपसी विवाद में उसने युवक की पत्थर से वार कर हत्या कर दी थी।
थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा ने जानकारी दी कि रविवार को छप्पन महाराज के चबूतरे के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान अर्जुन सिंह ठाकुर (35) निवासी ग्राम भैंसखेड़ा के रूप में हुई। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात प्रमोद कुमार सिन्हा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी।
जांच के दौरान मृतक के भाई माखन सिंह ने बताया कि उसे सबसे पहले कालूराम ने ही शव की जानकारी दी थी। स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह सामने आया कि हत्या से पहले अर्जुन को आखिरी बार कालूराम के साथ देखा गया था।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद प्रारंभ में आरोपी ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ पर उसने सच्चाई उगल दी। आरोपी ने स्वीकार किया कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद में उसने गुस्से में आकर पत्थर से हमला कर अर्जुन की हत्या कर दी।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर और आरोपी के खून से सने कपड़े जब्त कर लिए हैं। वारदात के बाद आरोपी कपड़े बदल कर गांव में ही सामान्य रूप से घूमता रहा।







