बाइक से भागते समय पुलिस पर की फायरिंग, 90 हजार रुपये और तमंचा बरामद
गोरखपुर। नौसड़ इलाके में रेस्टोरेंट संचालक से एक लाख रुपये की लूट करने वाले आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में वह बाइक से गिर गया और दबोच लिया गया।
रविवार रात रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के रेस्टोरेंट संचालक राजकुमार उर्फ राजू से लुटे गए एक लाख रुपये में से 90 हजार रुपये, एक देसी तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी की पहचान बस्ती जिले के भेलवल गांव निवासी राहुल सिंह उर्फ रानू सिंह के रूप में हुई है।
राजू के मुताबिक, उन्होंने एटीएम से रुपये निकालकर जैसे ही रेस्टोरेंट पहुंचे, एक युवक पानी मांगने के बहाने अंदर आया और अचानक हमला कर उन्हें बेहोश कर दिया। इसके बाद वह रकम लेकर फरार हो गया।
मंगलवार को गीडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नौसड़ से बस्ती की ओर भागने वाला है। कालेसर मोक्ष धाम के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी बाइक से भागने लगा और फायरिंग की। थोड़ी देर बाद वह फिसलकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।







