पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस, छापेमारी जारी
नई दिल्ली। गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र के धेदा गांव में देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कार में आए हमलावरों ने एक घर को निशाना बनाकर गोलियों की बौछार कर दी। गोलीबारी में गांव निवासी पंकज चौधरी और उनकी मां गुद्दी चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावर चार राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान पंकज की मौत हो गई, जबकि उनकी मां की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है। पुलिस ने प्रशांत नामक युवक और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मसूरी की सहायक पुलिस आयुक्त लिपि नगायच ने बताया कि तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और छापेमारी जारी है।







