आरोपी अजहर मलिक मुज़फ्फरनगर का रहने वाला, फरार
देहरादून। भाऊवाला इलाके में मंगलवार तड़के एक युवक की संदिग्ध हालात में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रोहित नेगी (निवासी सेलाकुई) के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी का काम करता था। बताया जा रहा है कि उसे किसी ने कॉल कर आधी रात के वक्त डीबीआईटी चौक पर बुलाया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहित अपनी कार में पहुंचा ही था कि बाइक सवार एक युवक, अजहर मलिक, ने करीब आकर उसके गले पर पिस्तौल तान दी और गोली चला दी। गोली सीधे सिर के पास लगी, जिससे रोहित की मौके पर ही मौत हो गई।
शुरुआती जांच में एक युवती से जुड़े विवाद को हत्याकांड का कारण माना जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोहित का एक दोस्त एक मुस्लिम युवती के साथ रिलेशनशिप में था, जिससे आरोपी अजहर नाखुश था। इसी वजह से दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हो चुकी थी।
एसपी सिटी प्रमोद शाह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। साथ ही आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें अलग-अलग इलाकों में दबिश दे रही हैं। आरोपी अजहर मलिक मूल रूप से मुज़फ्फरनगर का रहने वाला है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।







