सीबीगंज में संचालित जनसेवा केंद्र से सेना भर्ती के लिए तैयार किए जा रहे थे नकली प्रमाण पत्र
उत्तर प्रदेश। बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में एक जनसेवा केंद्र पर फर्जी दस्तावेज़ तैयार किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेना की इंटेलिजेंस यूनिट, एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में खुलासा हुआ कि यह फर्जीवाड़ा भारतीय जनता पार्टी से जुड़े एक पदाधिकारी द्वारा संचालित केंद्र में हो रहा था। केंद्र का संचालन भाजपा से जुड़ाव रखने वाले मुकेश देवल और उसके भाई दीपक देवल कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि जनसेवा केंद्र की आड़ में फर्जी आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी सरकारी दस्तावेज़ तैयार किए जा रहे थे, जिनका उपयोग सेना की अग्निवीर भर्ती और रेलवे जैसी सेवाओं में किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस को दो लैपटॉप, पचास से अधिक आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और विभिन्न विभागीय मोहरें बरामद हुईं। आरोपी मुकेश देवल की फेसबुक प्रोफाइल में भाजपा के सीबीगंज मंडल महामंत्री के रूप में खुद को दर्शाया गया है, लेकिन वर्तमान में वह फरार है।
हालांकि, भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों ने उससे किसी भी प्रकार के औपचारिक संबंध से इनकार किया है। सीबीगंज मंडल अध्यक्ष अजय मौर्य का कहना है कि मुकेश देवल पार्टी का अधिकृत सदस्य नहीं है, और कोई व्यक्ति अगर किसी कार्यक्रम में शामिल हो जाए तो उसे रोका नहीं जा सकता।






