आरोपी ने दीपक बनकर की दोस्ती, असली नाम सारिक निकलने पर शुरू हुआ शोषण का सिलसिला
उत्तर प्रदेश। आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र में एक युवती ने एक युवक पर फर्जी नाम से दोस्ती कर ब्लैकमेल करने, दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन व निकाह के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, करीब 14 साल पहले जब वह 11वीं कक्षा की छात्रा थी, तब न्यू आगरा स्थित एक कोचिंग सेंटर में उसकी दीपक राय सिंघानी नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। वह उसके साथ मंदिरों में पूजा करने भी जाती थी। कुछ समय बाद युवती को युवक की असली पहचान का पता चला—वह इंद्रपुरी निवासी सारिक निकला। इस पर युवती ने उससे दूरी बना ली।
वर्ष 2015 में जब युवती दिल्ली कोचिंग के लिए गई, तो आरोपी वहां भी पहुंच गया। आरोप है कि सारिक ने युवती को डराकर उसके किराए के कमरे में दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी लगातार वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता रहा और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता रहा। साथ ही धर्म परिवर्तन कर निकाह करने के लिए भी मजबूर करता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की और उसके जेवरात भी छीन लिए। सोमवार को जब वह अपने जेवर लेने गई तो आरोपी सारिक, उसके माता-पिता और अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने निकाह नहीं किया तो वह वीडियो वायरल कर देगा और तेजाब फेंकने की धमकी भी दी।
न्यू आगरा थाना प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विधिक जांच की जा रही है।







