हरदोई। संदिग्ध परिस्थितियों में सडक़ किनारे मिले शव की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी ने युवक की महज 12 सौ रुपये के लेनदेन के चलते गले में गमछा कस कर हत्या कर दी थी।बघौली थाना क्षेत्र के गांव भेलावा निवासी भैयालाल पुत्र रामरतन सोमवार को चचेरे भाई पुत्तीलाल निवासी बलेहरा के घर पर आया था। जहाँ से वह राघौपुर जाने की बात कह कर गया था। शाम करीब 6 बजे राघौपुर चौराहे से मटियामऊ सडक़ मार्ग पर शव पड़ा मिला था। मृतक के गले में गमछा कसा हुआ था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था ।
रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की तलाश कर रही थी। मंगलवार की देर रात पुलिस ने कलेनापुर गांव के पास से आरोपी बबलू पुत्र रविन्द्र निवासी धनी खेड़ा मजरा बलेहरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक भैयालाल ने अपनी साइकिल 12 सौ रुपये में बेची थी । रुपये लेने के बाद भैयालाल साईकिल नही दे रहे थे इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद में आरोपी ने भैयालाल की गर्दन गमछे से कसकर सडक़ किनारे शीशम के पेड़ के नीचे हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के परिजन की तहरीर पर हत्या करने के आरोप में मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।







