मेरठ। कंकरखेड़ा में प्रेम-प्रसंग में 19 वर्षीय विकास की एलानिया हत्या के बाद आरोपी घर पहुंचे और इत्मीनान से चाय पी। रात में ही शव ठिकाने लगाने के लिए नाले में फेंक दिया। पुलिस ने घटना का खुलासा कर पिता-पुत्र सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में फिलहाल किशोरी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। अभी उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस जल्द आरोपियों को जेल भेजेगी।
पुलिस के मुताबिक, विकास पुत्र विनोद मंगलपुरी का रहने वाला था। उसका पड़ोस में रहने वाली एक किशोरी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसे लेकर पूर्व में भी दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। 15 दिन पूर्व किशोरी के परिजनों ने विकास एवं उसके परिजनों से अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी थी। विकास की मां ने चार दिन पूर्व थाने पर तहरीर देकर बताया था कि उनका बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। उन्होंने किशोरी के परिजनों पर शक जताया था।







