रोहतास। कोचस में बीती रात एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सड़क किनारे से पीड़िता को बेहोशी और घायल अवस्था में बरामद कर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़िता का पांव टूट गया है और कई जगह जख्म के निशान भी हैं। फिलहाल पीड़िता बेहोशी की वजह से कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है।
पीड़िता की बहन ने आरोप लगाया कि चार साल पहले भी इस बच्ची से गांव के ही कुछ लड़कों ने गलत काम किया था। उस वक्त उन लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई थी। ऐसे में उन लोगों का मनोबल बढ़ गया और फिर बीती रात अकेला पाकर बच्ची को उठा लिया गया और उससे दुष्कर्म करने के बाद उसे झाड़ी में फेंक दिया गया। साथ ही उसके साथ दुर्घटना होने का रूप दिए जाने की कोशिश की गई।वहीं, इस मामले को लेकर पुलिस जांच की बात कह रही है। पुलिस की ओर से कहा जा रहा है कि दुष्कर्म हुआ है या नहीं, यह मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। उधर, पीड़ित बच्ची की बड़ी बहन ने उससे दुष्कर्म किए जाने की बात कही है। उसका कहना है कि उसकी छोटी बहन को नशा देकर उससे गलत काम किया गया है।







