नई दिल्ली- बाहरी दिल्ली पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे 10 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। जांच में पता चला कि सभी बांग्लादेश के रहने वाले हैं और मेडिकल वीजा पर भारत आने के बाद वीजा अवधि खत्म होने के बावजूद यहां ठहरे हुए थे। पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निर्वासन की प्रक्रिया में भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले की विदेशी सेल लगातार अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करने के लिए अभियान चला रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध विदेशी नागरिक बाहरी दिल्ली के इलाके में रह रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने निगरानी बढ़ाई और 6 मार्च को पीरागढ़ी चौक के पास स्थित एक पार्क के पास से दस लोगों को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान उनकी पहचान फारूक, मोहम्मद सोजिब फकीर, शोहाग मियां, शहाबुद्दीन, मोहम्मद शराजुल इस्लाम शाहिदुल, गुलाम रब्बानी, साजिब मियां, मोहम्मद जहिरूल, मोहम्मद आलमगीर हुसैन और मोहम्मद अब्दुल कुद्दूस के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से कोई वैध पहचान पत्र या यात्रा से संबंधित दस्तावेज नहीं मिले।
जांच में सामने आया कि इन सभी के पासपोर्ट और वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी, इसके बावजूद वे भारत में रह रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे बांग्लादेश से भारत आए थे और यहां से बुल्गारिया जाने की योजना बना रहे थे। इसके लिए वे मेडिकल वीजा हासिल करने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस ने सभी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय के समक्ष पेश किया। वहां से उन्हें उनके देश वापस भेजने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल सभी को नरेला स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है और उनके निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।







