मेरठ- मेरठ में सराफा कारोबारी से लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। देहली गेट थाना क्षेत्र में हुई वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह की एक महिला सदस्य को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसकी साथी अब भी फरार है।
गिरफ्तार महिला की पहचान आशा उर्फ सुनीता के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने उसके पास से करीब 11.20 लाख रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि वह अपनी साथी अंजली के साथ मिलकर अलग-अलग शहरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थी।
घटना 5 अप्रैल की है, जब सहारनपुर के देवबंद निवासी सराफ व्यापारी मेरठ आए थे। बाजार जाते समय ई-रिक्शा में सफर के दौरान दो महिलाओं ने उनके बैग से 12 लाख रुपये पार कर दिए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ठिकाने पर दबिश भी दी, लेकिन दोनों महिलाएं वहां से फरार मिलीं। बाद में पुलिस ने सिटी रेलवे स्टेशन के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फरार महिला की तलाश जारी है और पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी महिलाएं वारदात के दौरान लोगों का ध्यान भटकाकर चोरी करती थीं और फिर ट्रेन के जरिए अपने ठिकाने पर लौट जाती थीं। फिलहाल गिरफ्तार महिला को जेल भेज दिया गया है और पुलिस दूसरी आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।







