पठानकोट (पंजाब)- पठानकोट के सीमावर्ती क्षेत्र में युवक की संदिग्ध नशे से मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से एक कथित सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान दविंदर सिंह उर्फ विक्की निवासी गांव तरफ संजी, जिला कठुआ के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि 18 फरवरी को थाना नरोट जैमल सिंह पुलिस स्टेशन के अधीन आते गांव तलूर के श्मशान घाट के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान पंकज मनहास निवासी बामियाल के तौर पर हुई। उसके साथ मौजूद राहुल शर्मा नामक युवक अचेत अवस्था में मिला, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान होश में आने पर राहुल ने पुलिस को बताया कि वह और उसका साथी लंबे समय से नशे के आदी थे। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने कथित तौर पर कठुआ क्षेत्र से नशीला पदार्थ खरीदा था। पुलिस के अनुसार आरोपी सीमावर्ती इलाकों में अवैध नशे की सप्लाई से जुड़ा हो सकता है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जम्मू-कश्मीर में दबिश देकर आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 16 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।







