देहरादून – दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक एलिवेटेड रोड पर आपत्तिजनक और भेदभावपूर्ण नारे लिखते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह घटना मोहंड क्षेत्र के पास बने एलिवेटेड हिस्से की है। वायरल वीडियो में कुछ लोग सड़क की दीवार पर समुदाय विशेष को लेकर टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।
बिहारीगढ़ थाना प्रभारी अक्षय शर्मा ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में आते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और इसमें शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।
वहीं एक संगठन के प्रदेश पदाधिकारी ने बयान जारी कर अपने पक्ष को रखा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







