मोगा। पंजाब के मोगा शहर में चड़ीक रोड बाईपास स्थित एक मेडिकल स्टोर मालिक की कुछ लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपियों को मेडिकल स्टोर संचालक को घेरकर मारते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस के मुताबिक, वीडियो में नजर आने वाले लोगों की पहचान निहंग सिंहों के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि पीड़ित मेडिकल स्टोर मालिक तजिंदर सिंह पर नशे की गोलियां बेचने का आरोप था। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उसे इस संबंध में चेतावनी दी गई थी।
वीडियो वायरल होने के बाद मोगा पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दुकान बंद मिल गई। ड्रग इंस्पेक्टर ने कार्रवाई करते हुए स्टोर को सील कर दिया।
पहले भी सामने आ चुका था मामला
अधिकारियों ने बताया कि यह पहला मौका नहीं है जब मेडिकल स्टोर मालिक का नाम नशे के कारोबार से जोड़ा गया हो। कुछ माह पहले भी इसी स्टोर से नशे के कैप्सूल बरामद किए जाने का वीडियो वायरल हुआ था। उस समय तजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया था और चेतावनी दी गई थी कि वह ऐसी गतिविधियां बंद करे।
पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा
डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर 4 से 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। यदि किसी को नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो वह पुलिस को सूचित करे।
दुकान सील, जांच जारी
ड्रग इंस्पेक्टर सोनिया गुप्ता ने बताया कि डीएसपी के निर्देश पर कटारिया मेडिकल स्टोर की जांच की जा रही थी। मालिक तजिंदर सिंह से फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए मौके पर आने से इनकार कर दिया। विभाग ने दुकान को अस्थायी रूप से सील कर दिया है और आगे की कार्रवाई उनके उपस्थित होने पर की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में नशे के कारोबार और मारपीट—दोनों पहलुओं की जांच समानांतर रूप से चल रही है। जल्द ही पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने लाई जाएगी।







