पीड़ित ने पुलिस में दी शिकायत, जांच के बाद सामने आई फर्जीवाड़े की सच्चाई
राजस्थान। जालोर जिले की भीनमाल पुलिस ने एक वृद्ध से नकली सोने का हार दिखाकर दो लाख रुपये की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा और वृत्ताधिकारी अन्नराज सिंह की निगरानी में थानाधिकारी रामेश्वर भाटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने ठगी के मामले में वांछित आरोपियों हरिराम (42) और सुरेश कुमार (21), दोनों पुत्र भीमाराम बागरी निवासी सोमता, हाल गुणीनाडा, भीनमाल को गिरफ्तार किया।
पीड़ित लाखावास निवासी पीरसिंह ने 25 मई को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 22 मई को नाहर अस्पताल से लौटते समय एक व्यक्ति ने उससे मुलाकात की और पत्नी की बीमारी का हवाला देकर दो लाख रुपये की मदद मांगी। बदले में उसने सोने का हार देने की बात कही। 23 मई को आरोपी ने नकली पीली धातु का हार सौंपकर पीड़ित से पैसे ले लिए। बाद में हार की जांच कराने पर वह पूरी तरह नकली निकला।
गहन पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ठगी की वारदात को स्वीकार किया है। पुलिस उनसे और जानकारी जुटाने तथा ठगी की रकम की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।







