मोदीनगर। निवाड़ी पुलिस ने नगरपालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली की फैक्टरी में लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों – अलीशान और शान मोहम्मद – के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की है। फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।
एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना के अनुसार, मई माह में मेरठ जनपद के सिवालखास निवासी अलीशान (पुत्र खचेडू) और शान मोहम्मद (पुत्र बाबू) ने एक संगठित गिरोह बनाकर सारा मार्ग स्थित फैक्टरी में लूट की साजिश रची थी। फैक्टरी के चौकीदार को बंधक बनाकर आरोपियों ने करीब 15 लाख रुपये नकद और लगभग 9 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए थे।
घटना के दौरान विरोध करने पर चौकीदार के सिर पर सरिए से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल भी किया गया था। बाद में पुलिस द्वारा की गई मुठभेड़ में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
निवाड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल सिंह रावत की रिपोर्ट पर दोनों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, अलीशान इस गिरोह का सरगना है।







