रामपुर – पहली घटना अनवा गांव की है, जहां युवती को संदेश न पहुंचाने पर एक युवक ने बुजुर्ग महिला और उसके पोते के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनवा गांव निवासी सेषा देवी ने पुलिस को बताया कि गांव के ही एक युवक ने उसके पोते को एक युवती तक संदेश पहुंचाने के लिए कहा था। पोते द्वारा इनकार किए जाने पर विवाद शुरू हो गया। महिला का आरोप है कि शिकायत करने आरोपी के घर जाने पर युवक ने आपा खो दिया और गाली-गलौच करते हुए बुजुर्ग महिला व बच्चे के साथ मारपीट की। विरोध करने पर दोनों को नाली में धक्का दे दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दूसरी घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की है, जहां एक नाबालिग लड़की के पिता ने युवक पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार आरोपी युवक लंबे समय से उसकी बेटी से फोन पर आपत्तिजनक बातचीत करता था। विरोध करने पर उसने जान से मारने और अश्लील सामग्री वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीसरी घटना केमरी थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां मजदूरी के दौरान हुए विवाद में तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़ित मजदूर के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान आरोपियों ने उसके साथ झगड़ा किया और धमकी दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर चालान कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों में जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







