सीतापुर – सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के फत्तेपुर मातिनपुर गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार देर शाम पिता-पुत्र की गोली मारकर और धारदार हथियार से हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पीएसी की दो कंपनियां तैनात की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक छोटे खां उर्फ अख्तर और उनके पुत्र मैसर खां जमानत के सिलसिले में सीतापुर कचहरी गए थे। लौटते समय गांव के पास ही पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।
मृतक के दामाद की तहरीर पर गांव के ही छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी सहित कुल पांच टीमें गठित की गईं। शनिवार को की गई दबिश के दौरान पुलिस ने दो नामजद आरोपियों—टामू और झगडू—को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा प्रतीत हो रही है। घटना के कई चश्मदीदों के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।







