लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र के घैला इलाके में शनिवार देर रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। चार नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और महिला समेत उसके दो बेटों को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। इसके बाद घर में रखे नकदी और लाखों रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए।
पीड़िता गुड्डी देवी, जो पान मसाला की गुमटी चलाती हैं, ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात वह अपने बेटों श्यामू और चंदन के साथ घर में सो रही थीं। रात करीब दो बजे लाठी-डंडों से लैस चार बदमाश छत के रास्ते घर में घुस आए। घर में आहट होने पर जब परिवार की नींद खुली तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और लाठियों से मारपीट शुरू कर दी।
हमले में दोनों बेटों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद बदमाशों ने तीनों के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उन्हें एक कमरे में बंधक बना दिया। आरोपियों ने घर में करीब दो घंटे तक तलाशी ली और बेलचे की मदद से अलमारी का लॉकर तोड़ दिया।
बदमाश लॉकर में रखे 26,500 रुपये नकद, सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवर और दोनों बेटों के गले से चांदी की चेन लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुबह करीब चार बजे उसी रास्ते से भाग निकले, जिससे वे घर में घुसे थे।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने किसी तरह खुद को बंधन मुक्त किया और पुलिस व रिश्तेदारों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
एडिशनल इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा के मुताबिक पीड़िता का घर जंगल के बीच स्थित है और आसपास कोई अन्य मकान नहीं है, जिससे बदमाशों को वारदात अंजाम देने में आसानी हुई। इलाके में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया है।







