विक्रम नगर ओवरब्रिज के नीचे मिला शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
लखनऊ। लखनऊ में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब विक्रम नगर ओवरब्रिज के नीचे कूड़े के ढेर से एक लाल जालीदार बोरी में युवक का शव बरामद हुआ। बोरी खुलते ही वहां मौजूद लोग सन्न रह गए — अंदर करीब 35 वर्षीय युवक की निर्वस्त्र लाश थी। शव के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और मुंह पर टेप चिपकी हुई थी। गले पर कसने के निशान देखकर साफ जाहिर था कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एडीसीपी पश्चिम धनंजय कुशवाहा और इंस्पेक्टर पारा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि मृतक के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और की गई और शव को पहचान छिपाने के लिए यहां लाकर फेंका गया।
फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनमें टेप के टुकड़े, रस्सी और कुछ अन्य सुराग शामिल हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बोरी किसने और कब फेंकी। साथ ही, आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पूर्वनियोजित हत्या का लग रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।







