दिल्ली – भलस्वा डेयरी इलाके में शुक्रवार देर रात एक किशोर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात दो परिवारों के बच्चों के बीच चल रहे विवाद का नतीजा थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और घायल 17 वर्षीय लड़के को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज से मिली बड़ी मदद
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें हमले के दौरान कुछ लड़के दिखाई दिए। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय इनपुट के आधार पर कुछ ही घंटों में पाँच नाबालिग लड़कों को पकड़ लिया। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुरानी रंजिश बनी वारदात की वजह
जांच में पता चला कि मृत किशोर का पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से बातचीत होती थी, जिसे लेकर लड़की का भाई नाराज था। उसी रंजिश के चलते उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर किशोर पर हमला किया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आगे की कार्रवाई जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अहम सबूत जुटाए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।







